सेना की शौर्यगाथा पर गर्व जताने नर्मदापुरम् में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 150 फीट तिरंगा बना आकर्षण, भारत माता की आरती से गूंजा सेठानी घाट

शौर्य के स्वर में लहराया तिरंगा, नर्मदा तट दिखा भारत भक्ति का संगम

आपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा

सेना के शौर्य और राष्ट्रगौरव के सम्मान में नर्मदापुरम् में उमड़ा जनसैलाब

द क्लिफ न्यूज़, नर्मदापुरम्
देश की सैन्य शक्ति और “आपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक सफलता के गौरव में आज नर्मदापुरम् की धरती पर देशभक्ति का अद्वितीय उत्सव देखने को मिला, जब विजय गर्जना और राष्ट्रभक्ति के जोश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर के सतरस्ते से प्रारंभ हुई यह यात्रा राष्ट्रगान, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों के साथ सेठानी घाट पर समाप्त हुई, जहां मां नर्मदा के तट पर भारत माता की सामूहिक आरती की गई।

इस गरिमामयी आयोजन का संयोजन नर्मदापुरम् नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेन्द्र यादव द्वारा किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, व्यापारीगण, सामाजिक संगठनों, गुरुकुल के ब्रह्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, मातृशक्ति और नगर के आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

150 फीट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र

तिरंगा यात्रा की विशेषता रहा 150 फीट लंबा विशाल तिरंगा, जिसे नगरवासियों ने पूरे गर्व और श्रद्धा के साथ थामे रखा। यह दृश्य न केवल सौंदर्य से परिपूर्ण था बल्कि जनमानस के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करने वाला था।

राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों की रही भागीदारी

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वालों में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नर्मदापुरम् विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्चना पुरोहित, जनपद अध्यक्ष भूपेन्द्र चौकसे, पूर्व जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, भाजपा नेता नीरजा फौजदार, विधायक प्रतिनिधि महेन्द्र यादव, जिला तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, लोकेश तिवारी, हंस राय, रूपेश राजपूत, रोहित गौर, इटारसी नपाध्यक्ष पंकज चौरे, अर्पित मालवीय, रामू चौहान सहित अनेकों वरिष्ठ जन शामिल रहे।

व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

जयस्तंभ चौक पर व्यापारीगणों द्वारा तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान व्यापारी महासंघ अध्यक्ष राजकुमार खंडेलवाल, किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष महेन्द्र चौकसे, जाकिर खान, नितेश खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारीजन उपस्थित रहे।

भारत माता की आरती ने जोड़ा आध्यात्मिक भाव

यात्रा के समापन पर मां नर्मदा के पावन तट सेठानी घाट पर भारत माता की सामूहिक आरती की गई। श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों ने उपस्थित जनसमुदाय के मन में देश के प्रति नई ऊर्जा और संकल्प का संचार किया।

राष्ट्रीय एकता और सैन्य सम्मान का संदेश

यह आयोजन न केवल “आपरेशन सिंदूर” की सफलता पर सेना के शौर्य को नमन करने का प्रतीक बना, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और जन-सहभागिता का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत किया। विभिन्न वर्गों, समुदायों और आयु समूहों से जुड़े लोगों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि तिरंगे की शान हर भारतीय के हृदय में बसती है।

Switch Language »