भोपाल से पटना और लखनऊ के लिए जल्द शुरू होंगी दो वंदे भारत ट्रेन सेवाएं

भोपाल: रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (RKMP) से पटना और लखनऊ के लिए दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं जल्द शुरू की जाएंगी। इन सेवाओं से मध्यप्रदेश, बिहार और उत्तरप्रदेश की राजधानियों के बीच सीधी और तेज़ रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे अंतर्राज्यीय यात्रा सुविधाजनक और समयबद्ध हो सकेगी।

भोपाल रेलवे मंडल के अधिकारियों के अनुसार, पटना जाने वाली वंदे भारत ट्रेन की जिम्मेदारी पटना मंडल को दी जाएगी। दोनों मंडलों के बीच परिचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेल बोर्ड द्वारा ट्रेन सेवा का आवंटन जल्द किया जाएगा और उम्मीद है कि दोनों सेवाएं आगामी दो महीनों में शुरू हो जाएंगी। किराया और शेड्यूल की जानकारी सेवा आवंटन के बाद जारी की जाएगी।

रानी कमलापति और पटना के बीच लगभग 1005 किलोमीटर की दूरी है। वर्तमान में अगरतला एक्सप्रेस और अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों को यह दूरी तय करने में 18 से 20 घंटे लगते हैं, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से यह यात्रा 12 से 13 घंटे में पूरी करेगी। फिलहाल भोपाल से पटना के लिए केवल अगरतला एक्सप्रेस और सहरसा साप्ताहिक एक्सप्रेस जैसी सीमित सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को कई बार अन्य ट्रेनों से कनेक्शन लेना पड़ता है।

नई वंदे भारत सेवा से यात्रियों को लंबे इंतजार और प्रतीक्षा सूची की परेशानी से राहत मिलेगी। यात्रियों को सीधी, सुविधाजनक और तेज़ यात्रा का अनुभव मिलेगा। भोपाल मंडल ने परिचालन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वहीं, भोपाल और लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत सेवा से यात्रा का समय घटकर 6 से 8 घंटे रह जाएगा, जबकि वर्तमान में यह 10 से 12 घंटे लगता है। इस ट्रेन में आठ डिब्बे होंगे, जिनमें एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के लिए इसमें कवच सुरक्षा प्रणाली लगी होगी और यह ट्रेन 25% कम बिजली की खपत करती है। वर्तमान में भोपाल-लखनऊ के बीच दस से अधिक ट्रेनें अप्रत्यक्ष मार्गों से चलती हैं, जो काफी समय लेती हैं। नई वंदे भारत एक्सप्रेस तेज़ सेवा देकर यात्री दबाव को बेहतर ढंग से संभालेगी।

Switch Language »