वित्तीय वर्ष 2025-26 के पहले दो महीनों – अप्रैल और मई 2025 – के दौरान भोपाल रेल मंडल ने ₹160.25 करोड़ की यात्री राजस्व प्राप्त की है। यह उपलब्धि यात्री सेवाओं के सतत विस्तार और संचालन में दक्षता के चलते संभव हो सकी है। इस अवधि में कुल 70.59 लाख यात्रियों (आरक्षित एवं अनारक्षित श्रेणी) से यह राजस्व अर्जित किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और राजस्व वृद्धि मंडल की योजनाबद्ध रणनीतियों की सफलता को दर्शाती है।
मुख्य पहलें:
- भीड़ के समय यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष ट्रेनों का संचालन
- अधिक मांग वाली ट्रेनों के संचालन काल की वृद्धि
- प्रतीक्षा सूची को कम करने के लिए अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था
- चयनित स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव की अवधि बढ़ाना
- ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार हेतु आधारभूत ढांचे के कार्यों में तेजी
इन पहलों के चलते भोपाल मंडल ने न केवल यात्रियों की संख्या बढ़ाई, बल्कि राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।