सारस उत्सव का समापन ‘सारस वॉक’ के साथ, प्रतिभागियों ने देखा सारस परिवार

दो दिवसीय सारस उत्सव का समापन रविवार को शहर के भोज वेटलैंड के तट पर आयोजित ‘सारस वॉक’ के साथ हुआ। इस वॉक में करीब 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों के लिए यह रोमांचकारी अनुभव रहा जब उन्होंने एक सारस क्रेन परिवार को नजदीक से देखा। इस अवसर पर उन्होंने सारस क्रेनों के आवास, व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका को भी करीब से समझा।

यह उत्सव पहली बार रीजनल म्यूज़ियम ऑफ नैचुरल हिस्ट्री (आरएमएनएच), भोपाल बर्ड्स कंज़र्वेशन सोसाइटी और वीएनएस नेचर सेवियर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य सारस संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।

इस मौके पर सारस क्रेन पर आधारित एक डॉक्युमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें ग्रामीणों और सारस क्रेनों के बीच सकारात्मक संबंध, इस प्रजाति का पारिस्थितिक महत्व और उन पर मंडराते खतरे को दर्शाया गया।

इसके बाद भोपाल बर्ड्स कंज़र्वेशन सोसाइटी की संगीता राजगीर ने सारस क्रेनों के पारिस्थितिक तंत्र में योगदान, उनके व्यवहार, संरक्षण की चुनौतियों और वर्तमान स्थिति पर एक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अंत में सारस संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को ‘सारस मित्र’ सम्मान से नवाजा गया और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

Switch Language »