मुंबई बम धमकी मामले में ज्योतिषी गिरफ्तार, दोस्त से दुश्मनी बनी वजह

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक व्यक्ति को मुंबई में बम धमकी संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पुराने दोस्त से दुश्मनी के चलते यह झूठी आतंकी धमकी दी थी।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 51 वर्षीय अश्विनी कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के पटना (पटलीपुत्र) का रहने वाला है और पिछले पांच वर्षों से नोएडा में रह रहा था। पेशे से वह ज्योतिषी है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिए हैं और उसे नोएडा से मुंबई लाया जा रहा है।

यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर एक संदेश आया, जिसमें दावा किया गया था कि शहर में 34 “ह्यूमन बम” लगाए गए हैं और 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं। संदेश में यह भी कहा गया था कि धमाकों में 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। खुद को ‘लश्कर-ए-जिहादी’ बताने वाले संगठन के नाम से यह धमकी दी गई थी।

यह धमकी गणेश विसर्जन से ठीक एक दिन पहले आई, जिसके चलते मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई और पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया।

दोस्त से दुश्मनी के कारण दी धमकी

एफआईआर के मुताबिक, अश्विनी ने यह संदेश अपने दोस्त फिरोज को फंसाने के लिए भेजा था। साल 2023 में फिरोज की शिकायत पर अश्विनी को पटना के फुलवारी शरीफ में तीन महीने जेल में रहना पड़ा था। इसी रंजिश के चलते उसने मुंबई ट्रैफिक पुलिस को धमकी भरा संदेश फिरोज के नाम से भेजा।

अश्विनी के पास से सात मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, छह मेमोरी कार्ड होल्डर, एक सिम स्लॉट एक्सटर्नल, दो डिजिटल कार्ड, चार सिम कार्ड होल्डर और एक मेमोरी कार्ड जब्त किए गए हैं।

Switch Language »